मुंबई। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार ने हफ्ते के पहले कारोबारी दिन मजबूती के साथ शुरुआत की। सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में कारोबार करते नजर आए, जिससे निवेशकों का उत्साह बढ़ा हुआ है। बीएसई सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,802.90 अंक के मुकाबले करीब 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,160.67 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 77,249.27 अंक का इंट्रा-डे हाई भी छुआ। वहीं खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 376.30 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की तेजी के साथ 77,179.20 अंक पर कारोबार कर रहा था।
दूसरी ओर, एनएसई निफ्टी 50 भी मजबूती के साथ खुला। निफ्टी अपने पिछले बंद 24,013.10 अंक से बढ़कर 24,106.60 अंक पर खुला और शुरुआती कारोबार में 24,142.50 अंक का उच्चतम स्तर छुआ। सुबह करीब 9:40 बजे निफ्टी 109.60 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,122.70 अंक पर ट्रेड करता दिखाई दिया। व्यापक बाजार में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.20 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी आईटी में 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई, जिससे ये दिन के सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले सेक्टर रहे। इसके अलावा ऑटो, फार्मा, मीडिया, रियल्टी और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में भी खरीदारी का माहौल देखने को मिला। हालांकि पीएसयू बैंक और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर दबाव में रहे। निफ्टी 50 में सिप्ला, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक, आयशर मोटर्स और टीएमपीवी के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। वहीं मैक्स हेल्थ, इंडिगो, टाइटन, एशियन पेंट्स और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार तकनीकी संकेतक अभी भी बाजार में मजबूती का संकेत दे रहे हैं। निफ्टी के लिए 23,800 अंक का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है। यदि निफ्टी इस स्तर के ऊपर बना रहता है तो 24,200 से 24,300 अंक तक बढ़त की संभावना बनी रहेगी। वहीं इस स्तर के ऊपर निर्णायक बढ़त मिलने पर 24,500 अंक तक पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है। विश्लेषकों का मानना है कि डेरिवेटिव्स आंकड़े भी फिलहाल बाजार में सकारात्मक रुख की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि पुट-कॉल रेशियो (PCR) में कुछ नरमी आई है, लेकिन यह अभी भी महत्वपूर्ण स्तर से ऊपर बना हुआ है, जिससे निवेशकों का भरोसा बरकरार दिखाई देता है।
