शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की माैत हो गई है। पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले दुर्गम क्षेत्र काशापाट जा रही एक पिकअप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 200 फीट नीचे तकलेच-देवठी सड़क किनारे जा गिरी। सूचना मिलने के बाद पुलिस का दल मौके के लिए रवाना हुआ। ग्रामीणों की मदद से राहत कार्यों को अंजाम दिया गया। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
हादसे में इनकी गई जान
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम को रामपुर से दूध बेचकर एक पिकअप काशापाट की ओर जा रही थी। शाम करीब 4:30 बजे जब पिकअप ढंढोल के समीप पहुंची तो चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क से करीब 200 फीट नीचे दूसरी सड़क किनारे जा पहुंची। इस हादसे में मां-बेटे सहित कुल छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान आशा कुमारी (42) पत्नी सत्य प्रकाश, निवासी कुआनू आनी, उसका पुत्र युगल (10), पिकअप चालक अशोक जैन (32) पुत्र ध्यान जैन, गांव छलटा रामपुर, अभिषेक सानी (23) पुत्र नरसिंह सानी, गांव शरनाल रामपुर, लायक राम (56) गांव पाट रामपुर और नितिन (23) पुत्र मैन सिंह, गांव छलटा रामपुर शिमला के रूप में हुई है। मृतक महिला आशा देवी बेटे के साथ अपने मायके काशा जा रही थी।
मृतकों को नियमों के तहत फौरी राहत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। हादसे से काशापाट पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वह स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हुए। हादसे के मृतकों को नियमों के तहत फौरी राहत राशि जारी की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने का आह्वान किया है।
हादसे के समय पिकअप में बैठी महिला फेसबुक पर लाइव हुई थी। महिला पिकअप में बैठी सवारियों को अपना ननिहाल दिखा रही थी। महिला की बातचीत के दौरान ही चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इससे गाड़ी से नीचे गिर गई। वीडियो में यात्रियों की चीख-पुकार साफ सुनी जा सकती है। हादसे का दिल झकझोर देने वाला यह वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
क्रैश बैरियर होते तो बच जातीं छह जानें
ढंढोल-काशापाट सड़क पर हुआ हादसा मृतकों के परिजनों को उम्र भर का गम दे गया। दुर्गम क्षेत्र काशापाट को जोड़ने वाली इस सड़क पर अगर क्रैश बैरियर होते तो 6 लोगों की जिंदगी बच जाती। हादसे के बाद काशापाट पंचायत में मातम पसर गया है और ग्रामीणों को इस हादसे ने झकझोर कर रख दिया है। काशापाट पंचायत से संबंध रखने वाला चालक अशोक जैन रोजाना की तरह शुक्रवार को भी दत्तनगर के मिल्क प्लांट में अपना दूध बेचकर वापस काशापाट की ओर लौट रहा था। रोजाना की तरह शुक्रवार को भी वह दूध बेचकर वापस निकला और साथ में पांच लोग भी इस वाहन में सवार थे। जैसे ही पिकअप ढंढोल के समीप पहुंची तो अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ा और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि वाहन में बैठे किसी भी व्यक्ति को संभलने तक का मौका नहीं मिल पाया। वहीं हादसे के बाद मृतक महिला आशा कुमारी के पति सत्य प्रकाश और पंचायत प्रधान दुनी चंद घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। पंचायत प्रधान बिश्लाधार दुनी चंद ने बताया कि महिला आशा कुमारी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिगेढ़ में बतौर प्रवक्ता अपनी सेवाएं दे रही थी। शुक्रवार को अवकाश के चलते वह बेटे युगल के साथ अपने मायके जा रही थी।

