मुंबई। शेयर बाजार के निवेशकों के लिए इंडियन टोनर्स एंड डेवलपर्स लिमिटेड ने बड़ा अपडेट दिया है। टोनर पाउडर बनाने वाली इस कंपनी ने अपने शेयरों के स्टॉक स्प्लिट का फैसला लिया है। कंपनी ने इसके लिए 17 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 10 रुपये फेस वैल्यू वाले एक इक्विटी शेयर को 2 रुपये फेस वैल्यू वाले पांच नए शेयरों में बांटा जाएगा। यानी जिन निवेशकों के पास एक शेयर होगा, उन्हें स्प्लिट के बाद पांच शेयर मिलेंगे।
कंपनी ने यह कदम अपने मजबूत वित्तीय प्रदर्शन के बाद उठाया है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का टैक्स के बाद मुनाफा बढ़कर 27.23 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 22.44 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी की कुल आय में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्टॉक स्प्लिट का मुख्य उद्देश्य शेयरों को छोटे निवेशकों के लिए अधिक सुलभ बनाना होता है। इस प्रक्रिया में शेयरों की संख्या बढ़ जाती है और कीमत उसी अनुपात में घट जाती है, लेकिन निवेशकों के कुल निवेश मूल्य में कोई बदलाव नहीं होता। कंपनी के इस फैसले से बाजार में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि कम कीमत वाले शेयरों में छोटे निवेशकों की भागीदारी आसान हो सकती है।
