बिलासपुर। जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया है। मृतका दीक्षा कुशवाहा उर्फ पुनीता के परिजनों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। ससुराल पक्ष का दावा है कि, दीक्षा की मौत पलंग से गिरकर हुई है, लेकिन मृतका के मायके वालों ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।
परिजनों के अनुसार, दीक्षा लंबे समय से ससुराल में मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सामना कर रही थी। मौत से ठीक पहले उसने अपने भाई को फोन कर अपनी आपबीती सुनाई थी, जिसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि, जब उन्होंने दीक्षा से बात करने की कोशिश की, तो ससुर ने उन्हें रोक दिया और कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर दे दी। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने और न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जांच करने के लिए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

इस घटना के बाद से ही इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पीएम के लिए भेज दिया है और हर पहलू पर बारीकी से जांच शुरू कर दी है। मायके पक्ष का कहना है कि, जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, वे चुप नहीं बैठेंगे। फिलहाल, पुलिस पीएम रिपोर्ट और कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
