सेलूद में कबड्डी खेलने पहुंचे 15 वर्षीय खिलाड़ी का नहर में पैर फिसला, तेज बहाव में बहा; तलाश जारी

Follow Us

दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के सेलूद भाठापारा में शनिवार सुबह तंदुला नहर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर के गुढ़ियारी से कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे 15 वर्षीय शिवम यादव नहर के तेज बहाव में बह गए। बताया गया कि शिवम प्रतियोगिता स्थल के पास शौच के लिए गए थे। इसके बाद नहर किनारे हाथ-पैर धोते समय काई और ढलान के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में जा गिरे। तेज बहाव होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके और कुछ ही देर में पानी में लापता हो गए। साथ मौजूद खिलाड़ियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन बहाव अधिक होने के चलते सफलता नहीं मिली।

घटना की जानकारी सेलूद सरपंच ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को जानकारी दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नहर में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ अधिकारी दिनेश रावटे के मुताबिक, पुलिस से नहर में एक युवक के तेज पानी में बहने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम को तत्काल रवाना किया गया। टीम लगातार शिवम की तलाश में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण नदी-नालों और नहरों में पानी का बहाव तेज है। इसी वजह से तंदुला नहर में भी पानी का प्रवाह काफी तेज बना हुआ है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम नहर में शिवम की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।