अमृतसर। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस इकाई, अमृतसर ने सीमा पार अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विदेश निर्मित 10 आधुनिक .30 बोर पिस्तौल और मैगजीन बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों की खेप पहुंचाने में मदद करता था। इन हथियारों को आगे संगठित नेटवर्क के जरिये आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था। इस संबंध में अमृतसर के राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने और हथियारों की आपूर्ति तथा वितरण से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है।
