कवर्धा। जिले में बिजली के नीचे लटकते तार के कारण किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ा। खेत से धान की फसल लेकर घर लौट रहे किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गई। तार के संपर्क में आते ही ट्रॉली में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना कवर्धा थाना क्षेत्र के ग्राम बोधाईकुंडा की है। किसान दीपचंद वर्मा अपने खेत से धान लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए घर जा रहे थे। रास्ते में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार नीचे लटक रहा था। इसी दौरान धान से भरी ट्रॉली तार के संपर्क में आ गई, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी।
केंद्र के परिसीमन प्रस्ताव पर दीपक बैज का हमला, जनगणना को बताया जरूरी
आग इतनी तेजी से फैली कि किसान को फसल बचाने का मौका नहीं मिल पाया। देखते ही देखते ट्रॉली में रखा धान पूरी तरह जल गया। आग की चपेट में आने से ट्रॉली के चारों पहिए भी क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में करीब एक एकड़ खेत की उपज रखी थी। फसल तैयार करने में किसान ने कई महीनों तक मेहनत की थी। घटना के बाद किसान को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा। बिजली के झूलते तारों को लेकर स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
