कोरबा में टायर दुकान के बाहर लगी आग, करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर खाक

Follow Us

कोरबा। शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र में महाराणा प्रताप चौक के पास स्थित एक टायर दुकान के बाहर रखे टायरों में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान के बाहर रखा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद नौशाद की दुकान का नाम ‘अब्दुल्ला टायर’ है। शनिवार सुबह एक स्थानीय निवासी ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद दुकान संचालक मौके पर पहुंचे तो देखा कि बाहर रखे टायर धू-धू कर जल रहे थे। आसपास के लोगों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दुकान संचालक के मुताबिक, आगजनी में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुकान के बाहर रखे सभी टायर और अन्य कीमती सामान जलकर नष्ट हो गए। हालांकि, मोहल्लेवासियों की तत्परता से आग आसपास की दूसरी दुकानों तक नहीं फैल सकी।

घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। दुकान संचालक ने आशंका जताई है कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर आग लगाई होगी। उनका कहना है कि क्षेत्र में रात के समय नशे की हालत में घूमने वाले लोगों की गतिविधियां बढ़ी हैं। घटना की सूचना सीएसईबी चौकी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगा रही है।