रायपुर। राजधानी रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत ने महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में विदेश में मौजूद दो आरोपियों अनिल अग्रवाल और विशाल आहूजा के खिलाफ प्रत्यर्पण आदेश जारी किया है। अदालत के इस फैसले के बाद विदेश में बैठे आरोपियों को भारत वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू हो गई है। दोनों आरोपी इस समय दुबई में हैं और लंबे समय से जांच एजेंसी की कार्रवाई से बच रहे थे।
प्रवर्तन निदेशालय के अधिवक्ता सौरभ पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों के अपने स्तर पर भारत लौटने की संभावना न दिखने पर पहले अदालत से उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करवाया गया था। वारंट जारी होने के बाद भी आरोपी उपस्थित नहीं हुए तो उन्हें भारत लाने के लिए अदालत में विस्तृत प्रत्यर्पण आवेदन प्रस्तुत किया गया।
CG Mahadev Betting App Case: हिमांशु की आज विशेष अदालत में पेशी, ईडी दोबारा मांग सकती है रिमांड
प्रत्यर्पण आदेश और 400 पन्नों के दस्तावेज
प्रवर्तन निदेशालय द्वारा अदालत में पेश किए गए इस प्रत्यर्पण आवेदन के साथ लगभग 300 से 400 पृष्ठों के दस्तावेज शामिल किए गए थे। इन दस्तावेज में दोनों आरोपियों की गतिविधियों और सट्टा एप नेटवर्क में उनकी भूमिका के संबंध में साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। विशेष अदालत ने आवेदन का अवलोकन करने के बाद उस पर अपने हस्ताक्षर कर दिए। इसके साथ ही अदालत ने प्रत्यर्पण की आगे की कार्रवाई के लिए सभी दस्तावेज प्रवर्तन निदेशालय को सौंप दिए हैं। अब दोनों आरोपियों को भारत लाने की दिशा में संबंधित विभागों के माध्यम से प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
अलग-अलग पैनल का संचालन और भारत में निवेश
जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी अनिल अग्रवाल महादेव एप के संचालन में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। उसका मुख्य कार्य अलग-अलग स्थानों पर चलने वाले पैनलों की देखरेख करना और पैनल संचालकों का प्रबंधन करना था। इसके अलावा उसने सट्टा एप के कारोबार से अर्जित रकम का इस्तेमाल करके भारत में कई संपत्तियों में निवेश भी किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि अनिल अग्रवाल सट्टा नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल का करीबी सहयोगी रहा है।
छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: यूएई से प्रत्यर्पित विकास अग्रवाल 30 नवंबर तक ईओडब्ल्यू की हिरासत में
भव्य शादी समारोह के प्रबंध और अवैध कमाई
दूसरे आरोपी विशाल आहूजा ने अपने भाई धीरज आहूजा के साथ मिलकर ‘रैपिड ट्रैवल्स’ नाम से कंपनी का संचालन किया था। जांच एजेंसी के अनुसार मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की दुबई में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से भव्य शादी की गई थी। इस विवाह समारोह में शामिल होने वाले सेलिब्रिटीज और अन्य अतिथियों के लिए विमान के टिकट, होटलों की बुकिंग और यात्रा से जुड़ी तमाम व्यवस्थाएं विशाल आहूजा की कंपनी के माध्यम से की गई थीं। इन सेवाओं के बदले कंपनी को बड़ी राशि का भुगतान मिला था। जांच एजेंसी इस भुगतान को अपराध से अर्जित आय मानकर मामले की पड़ताल कर रही है।
