प्रमोशन में देरी के खिलाफ CGST अधिकारियों का देशव्यापी विरोध, 5 दिन काला बैज पहनकर करेंगे काम

Follow Us

रायपुर। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग में पदोन्नति और करियर से जुड़ी समस्याओं को लेकर अधिकारियों का विरोध तेज हो गया है। ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ सुपरिटेंडेंट्स ऑफ सेंट्रल टैक्स (AIASCT) के आह्वान पर देशभर के सेंट्रल जीएसटी सुपरिटेंडेंट्स 23 से 27 नवंबर तक काला बैज पहनकर काम कर रहे हैं। इस विरोध के जरिए अधिकारी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। अधिकारियों की सबसे बड़ी नाराजगी करीब 30 साल की सेवा अवधि में केवल एक पदोन्नति मिलने को लेकर है। उनका कहना है कि पदोन्नति के सीमित अवसर और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में देरी के कारण उनकी करियर ग्रोथ प्रभावित हो रही है।

इसके अलावा वर्ष 2014 से लंबित वरिष्ठता सूची (सीनियरिटी लिस्ट) जारी करने और कैडर रीस्ट्रक्चरिंग की मांग भी उठाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन समस्याओं का समाधान नहीं होने से लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों के करियर और सेवा संबंधी हित प्रभावित हो रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन को सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर्स एसोसिएशन (AICEIA) और CIRSA ने भी समर्थन दिया है। दोनों संगठनों ने अधिकारियों की मांगों को जायज बताते हुए आंदोलन के प्रति एकजुटता जाहिर की है।