CGPSC में अध्यक्ष की नियुक्ति का इंतजार, संविधान दिवस पर भी जारी नहीं हुआ भर्ती विज्ञापन; 608 अभ्यर्थियों का इंटरव्यू अटका

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष का पद खाली होने से भर्ती प्रक्रिया प्रभावित होने लगी है। आयोग के इतिहास में पहली बार संविधान दिवस के अवसर पर राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का भर्ती विज्ञापन जारी नहीं हो सका। हर साल संविधान दिवस के आसपास मुख्य परीक्षा के लिए विज्ञापन जारी करने की परंपरा रही है, लेकिन इस बार अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने के कारण प्रक्रिया अटकी हुई है।

नियमानुसार लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष ही नई भर्तियों से संबंधित विज्ञापन और आदेश जारी करते हैं। वर्तमान में आयोग में न तो नियमित अध्यक्ष है और न ही कार्यकारी अध्यक्ष। आयोग पिछले तीन वर्षों से कार्यकारी अध्यक्ष के भरोसे संचालित हो रहा था, लेकिन पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त होने के बाद से यह पद भी खाली है।

जानकारी के अनुसार, राज्य सेवा परीक्षा 2026 के लिए विभिन्न विभागों से मिले प्रस्तावों के आधार पर करीब 150 से 155 पदों पर भर्ती की तैयारी की गई है। इनमें डिप्टी कलेक्टर के 10 और डीएसपी के 5 पद प्रस्तावित हैं। भर्ती विज्ञापन तैयार बताया जा रहा है, लेकिन अध्यक्ष की नियुक्ति और हस्ताक्षर के बाद ही इसे जारी किया जा सकेगा। पिछले वर्ष 238 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 265 कर दिया गया था।

CGPSC के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर शासन स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ने की चर्चा है। सेवानिवृत्त IAS अधिकारी महादेव कांवरे के नाम पर सहमति बनने की खबर है। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार की ओर से नियुक्ति का प्रस्ताव अनुमोदन के लिए राजभवन भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

अध्यक्ष का पद रिक्त होने से केवल नई भर्तियां ही नहीं, बल्कि आयोग की अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं भी प्रभावित हो रही हैं। राज्य सेवा परीक्षा 2025 के तहत 265 पदों के लिए मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 608 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार अब तक लंबित है। इसके अलावा पुलिस विभाग की SI भर्ती परीक्षा और करीब 5,000 सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामले भी प्रभावित बताए जा रहे हैं। पदोन्नति में देरी के चलते पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों को वित्तीय और सेवागत लाभ समय पर नहीं मिल पा रहे हैं।