दिल्ली। दिल्ली सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास को आम जनता के लिए खोल दिया है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जनता को उनके टैक्स के पैसे के इस्तेमाल की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि इस आवास पर करदाताओं का पैसा खर्च किया गया है, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि वह एक-एक रुपये का हिसाब जनता को दे। इसी उद्देश्य से पहले मीडिया को यहां आमंत्रित किया गया है और जल्द ही दिल्ली के आम नागरिक भी इस आवास को देख सकेंगे।
प्रवेश वर्मा के मुताबिक, सरकार ने इस परियोजना के लिए खरीदी गई वस्तुओं का विवरण भी उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि हर सरकार को जनता के पैसे के खर्च में पारदर्शिता रखनी चाहिए। दिल्ली सरकार ने इसी सोच के तहत पूर्व मुख्यमंत्री के आवास को लोगों के लिए खोलने का फैसला किया है, ताकि वे खुद वहां जाकर देख सकें कि सरकारी धन का इस्तेमाल किस तरह किया गया।
दरअसल, दिल्ली विधानसभा में पेश नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में इस आवास के निर्माण और नवीनीकरण पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठाए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, काम की लागत शुरुआती अनुमान से 342 प्रतिशत अधिक बढ़कर 33.66 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। इसमें 18.88 करोड़ रुपये सुपीरियर स्पेसिफिकेशन, कलात्मक और एंटीक इंटीरियर पर खर्च किए जाने का उल्लेख किया गया था। इन्हीं खर्चों को लेकर विपक्ष ने इस आवास को ‘शीश महल’ नाम दिया था। अब दिल्ली सरकार ने इसे जनता के लिए खोलकर खर्च का विवरण सार्वजनिक करने की पहल की है।
