छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड की ठिठुरन, अंबिकापुर में 9.2 डिग्री पहुंचा तापमान; अगले 5 दिन नहीं मिलेगी राहत

Follow Us

रायपुर। बारिश का दौर थमने के बाद छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ने लगा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है। वहीं उत्तरी छत्तीसगढ़ में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान अंबिकापुर में सबसे कम 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।

राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। 26 नवंबर को यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग के माना केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 27 से 30 नवंबर के बीच अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इससे सुबह और रात के समय ठंडक और बढ़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा दक्षिणी गंगा तटीय पश्चिम बंगाल के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि, इस मौसमी सिस्टम का छत्तीसगढ़ में फिलहाल कोई विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।