नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। गोली उसके पैर के अंगूठे के पास लगी। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट के अनुसार, पुलिस को लाहौरी गेट इलाके में गोली चलने की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। शुरुआती जांच में पता चला कि कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान एक राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक युवक के पैर के अंगूठे के पास गोली लग गई।
घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस के मुताबिक, पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और फायरिंग करने वाले युवकों की तलाश जारी है।
