छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, 27 से 30 नवंबर तक 4 मेमू ट्रेनें रद्द, दो का रूट सीमित

Follow Us

0 रायगढ़-बिलासपुर और झारसुगुड़ा रूट के यात्रियों पर पड़ेगा असर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की परेशानी बढऩे वाली है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत राबर्टसन स्टेशन में यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य प्रस्तावित है। इसके चलते 27 से 30 नवंबर 2026 तक चार मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि दो ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित होगा।

रेलवे के अनुसार, राबर्टसन स्टेशन यार्ड में रेल लाइनों की थ्रू कनेक्टिविटी विकसित करने और केबिन को रेल लाइन से जोडऩे के लिए यह कार्य किया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद स्टेशन पर अतिरिक्त लाइन कनेक्टिविटी की सुविधा विकसित होगी। इससे ट्रेनों की आवाजाही आसान होगी और परिचालन अधिक सुगम हो सकेगा।

ये चार मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द

  1. 68737: रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर 27 से 30 नवंबर तक रद्द रहेगी।
  2. 68738: बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर 27 से 30 नवंबर तक रद्द रहेगी।
  3. 68736: बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर 28 से 29 नवंबर तक रद्द रहेगी।
  4. 68735: रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर 29 से 30 नवंबर तक रद्द रहेगी।

घर बैठे मोबाइल से जमा करें वाहन का ई-चालान, जानिए ऑनलाइन भुगतान की पूरी प्रक्रिया

दो ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर तक सीमित
68861: गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर 27 से 30 नवंबर तक बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी। बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
68862: झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर 27 से 30 नवंबर तक बिलासपुर स्टेशन से ही रवाना होगी। झारसुगुड़ा से बिलासपुर के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी।

यात्रियों को होगी परेशानी
रेलवे के इस कार्य का असर रायगढ़, बिलासपुर और झारसुगुड़ा रूट पर सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। खासकर रोजाना नौकरी, कारोबार और अन्य कामों के लिए मेमू ट्रेनों से यात्रा करने वाले लोगों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और परिचालन संबंधी अपडेट जांचने की सलाह दी है।