छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में ईपीएफओ के विशेष शिविर, पेंशनधारकों का होगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अपडेट

Follow Us

० निधि आपके निकट 2.0 अभियान के तहत नवंबर में विशेष जनसुनवाई एवं आउटरीच शिविरों का आयोजन
० बुजुर्ग पेंशनधारकों को जिला स्तर पर मिलेगी सुविधा, पेंशन संबंधी शिकायतों का भी होगा त्वरित निराकरण

रायपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा नवंबर माह में छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में निधि आपके निकट 2.0 अभियान के तहत विशेष जनसुनवाई एवं आउटरीच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस माह के शिविरों की प्रमुख थीम डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र का अद्यतन है। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारी पेंशन योजना के पेंशनधारकों के जीवन प्रमाण पत्र समय पर अपडेट कर उनकी मासिक पेंशन का निर्बाध भुगतान सुनिश्चित करना है।

पेंशनर एसोसिएशनों, विभिा श्रमिक संगठनों तथा स्थानीय पेंशनधारकों की मांग पर आयोजित इन शिविरों का आयोजन जिला पंचायतों, कलेक्ट्रेट कार्यालयों, कर्मचारी राज्य बीमा निगम केंद्रों तथा अन्य चिन्हित प्रमुख स्थलों पर किया जा रहा है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्ग पेंशनधारकों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने अथवा अपडेट कराने के लिए रायपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय तक आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने जिले में ही इन सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।

शिविरों में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के जिला नोडल अधिकारियों के सहयोग से आधार आधारित बायोमेट्रिक एवं फेस आथेंटिकेशन प्रणाली के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र नि:शुल्क स्वीकार और अपडेट किए जाएंगे। इसके साथ ही पेंशन से संबंधित विसंगतियों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। संगठन की विशेष प्रयास योजना के अंतर्गत पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन भुगतान आदेश की प्रतियां भी मौके पर वितरित की जाएंगी। इस योजना के तहत पात्र कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश जारी किया जाता है।

डोनाल्ड ट्रंप भारत-चीन समेत 14 अन्य देशों पर नए टैरिफ लागू करने की बना रहे योजना

शिविरों में भविष्य निधि निकासी, आनलाइन दावों, ई-नामांकन, सार्वभौमिक खाता संख्या के सक्रियकरण तथा अपने ग्राहक को जानें विवरण में सुधार से जुड़ी समस्याओं का भी त्वरित निराकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नियोक्ताओं एवं प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को नवीन अनुपालन प्रावधानों और आनलाइन पोर्टल के उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। सक्रिय कर्मचारियों की तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

ईपीएफओ ने पेंशनधारकों एवं सदस्यों से शिविरों में आते समय आधार कार्ड, पेंशन भुगतान आदेश नंबर, बैंक खाते का विवरण, सार्वभौमिक खाता संख्या तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाने की अपील की है। जो पेंशनधारक किसी कारणवश शिविरों में उपस्थित नहीं हो सकते, वे अपने निकटतम डाकघर, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक , कामन सर्विस सेंटर अथवा अपनी पेंशन प्राप्त करने वाली बैंक शाखा के माध्यम से भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अपडेट करा सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल ipension.nic.in पर संपर्क किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ में कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता देने के निर्णय को उत्तर प्रदेश के खाद्य मंत्री ने की सराहना

क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के कार्यालय प्रभारी एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जयवदन इंगले ने सभी पेंशनधारकों, कर्मचारियों, नियोक्ताओं एवं श्रमिक संगठनों से नवंबर माह में आयोजित निधि आपके निकट 2.0 शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने पेंशनधारकों से समय रहते अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने का आग्रह किया, ताकि उनकी मासिक पेंशन का भुगतान बिना किसी बाधा के नियमित रूप से जारी रह सके।