० प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल का कांग्रेस पर हमला : महिला कांग्रेस के जिला अध्यक्षों व कार्यकारिणी में अनुसूचित जाति वर्ग की एक भी महिला को स्थान न देना कांग्रेस के दलित विरोधी चरित्र का प्रमाण
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की घोषित कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की सूची को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। बघेल ने कहा कि प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महासचिव से लेकर घोषित 17 जिला अध्यक्षों की सूची में अनुसूचित जाति वर्ग की एक भी महिला नेत्री को प्रतिनिधित्व न देना कांग्रेस के अनुसूचित जाति वर्ग के प्रति घोर दुराग्रह और उपेक्षापूर्ण मानसिकता को उजागर करता है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बघेल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से संविधान और सामाजिक न्याय की झूठी दुहाई देकर अनुसूचित जाति वर्ग को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती आई है। हकीकत यह है कि जब संगठन और सत्ता में भागीदारी और नेतृत्व देने की बारी आती है, तो कांग्रेस नेतृत्व इस वर्ग को पूरी तरह दरकिनार कर देता है। महिला कांग्रेस की 7 प्रदेश उपाध्यक्ष, 6 महामंत्री और 17 जिला अध्यक्षों की सूची में अनुसूचित जाति वर्ग की हिस्सेदारी ‘शून्य होना इस बात का जीता-जागता प्रमाण है कि कांग्रेस के भीतर दलित समाज के लिए कोई सम्मान नहीं है।
बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि एक ओर कांग्रेस नेता ‘संविधान महारैली जैसे आयोजनों का ढोंग रचते हैं, वहीं दूसरी ओर डॉ. बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर के सिद्धांतों की हत्या करते हुए उन्हीं के समाज की योग्य और कर्मठ महिला नेत्रियों का हक मारते हैं। अनुसूचित जाति बहुल जिलों में भी इस वर्ग की महिलाओं को जिला अध्यक्ष न बनाना कांग्रेस की सोची-समझी साजिश और सामंती सोच को दर्शाता है।
बघेल ने कहा कि आज खुद कांग्रेस की अनुसूचित जाति वर्ग की महिला नेत्रियाँ अपने ही नेतृत्व के खिलाफ आक्रोश में हैं और प्रदेश प्रभारी से शिकायत करने को मजबूर हैं। यह स्थिति स्पष्ट करती है कि कांग्रेस का ‘सबको साथ लेकर चलने का दावा पूरी तरह खोखला है। छत्तीसगढ़ का अनुसूचित जाति समाज कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र और अपमान को भली-भाँति देख रहा है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगा।
