सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता को पर्यटन के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में ग्राम चंदलीडीह में रामनामी इको टूरिज्म की शुरुआत की गई है। बिलाईगढ़ विकासखंड के इस गांव में प्रकृति, आस्था, संस्कृति और रोमांच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन और रामनामी समुदाय के संयुक्त प्रयासों से विकसित इस पर्यटन स्थल का शुभारंभ अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक ने फीता काटकर किया। शुभारंभ के पहले ही दिन दो विदेशी पर्यटक यहां पहुंचे और प्राकृतिक सुंदरता तथा सांस्कृतिक परिवेश का अनुभव किया।
चंदलीडीह में पर्यटकों के लिए पिकनिक, नौकायन, बांस के बेड़े की सवारी, कायाकिंग, रात्रिकालीन शिविर और सतखंडा पहाड़ की पदयात्रा जैसी गतिविधियां उपलब्ध कराई गई हैं। पर्यटक जल आधारित रोमांचक गतिविधियों के साथ पहाड़ की पदयात्रा कर आसपास के प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकेंगे। खुले आसमान के नीचे रात्रि विश्राम भी यहां का खास आकर्षण होगा। जिला प्रशासन द्वारा पर्यटकों की सुविधा के लिए आधारभूत संरचनाओं और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस पर्यटन स्थल की विशेष पहचान रामनामी समाज की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत है। भगवान राम के प्रति आस्था रखने वाला यह समुदाय शरीर पर राम नाम का गोदना गुदवाने, राम नाम अंकित वस्त्र धारण करने और भजन-कीर्तन की परंपरा के लिए जाना जाता है। यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को रामनामी समाज की धार्मिक मान्यताओं, जीवनशैली और लोक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। इससे इस विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है।
रामनामी इको टूरिज्म का उद्देश्य पर्यटन विकास के साथ स्थानीय ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत करना भी है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। पर्यटक मार्गदर्शन, नौकायन संचालन, ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय खान-पान और हस्तशिल्प जैसी सेवाओं से ग्रामीणों को आय के नए साधन मिल सकते हैं। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता पर आधारित यह पहल चंदलीडीह को ग्रामीण, सांस्कृतिक और रोमांचक पर्यटन के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

