धमतरी। जिले में मत्स्य पालन को आजीविका और स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। मत्स्य पालकों को स्थानीय स्तर पर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रत्येक विकासखंड में एक-एक मछली दाना केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इससे मछली पालकों को गुणवत्तापूर्ण आहार आसानी से मिल सकेगा और उन्हें इसके लिए दूर के स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इसी क्रम में कलेक्टर ने मंगलवार को ग्राम सियादेवी स्थित कृषि महाविद्यालय के समीप संचालित मत्स्य पालन इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने मत्स्य पालक खेमिन बाई से चर्चा कर उनके व्यवसाय की शुरुआत, पालन की तकनीक, मछलियों और झींगों के उत्पादन, आहार की उपलब्धता तथा व्यवसाय में आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली। खेमिन बाई ने बताया कि वह वर्ष 2020 से मत्स्य पालन कर रही हैं। मछली पालन के साथ झींगा पालन भी करती हैं, लेकिन मछलियों का आहार खरीदने के लिए उन्हें धमतरी जाना पड़ता है। इस पर कलेक्टर ने स्थानीय स्तर पर मछली दाना और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि मत्स्य पालकों का समय और परिवहन खर्च बच सके।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि संबंधित परिसर में आठ डबरियों और दो तालाबों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा कुकरेल क्षेत्र में भी लगभग 50 डबरियां बनाई गई हैं। मत्स्य पालन गतिविधियों के संचालन के लिए एबीसी के माध्यम से मछलियों का आवश्यक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। विभागीय योजनाओं के तहत मत्स्य पालकों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और अन्य जरूरी सहयोग भी दिया जा रहा है।
कलेक्टर ने मत्स्य पालन की संभावनाओं को देखते हुए उत्पादन बढ़ाने, उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और अधिक से अधिक किसानों व ग्रामीण परिवारों को इस गतिविधि से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन कृषि के साथ आय का अतिरिक्त स्रोत बन सकता है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। प्रशासन का प्रयास है कि मत्स्य पालकों को उत्पादन से लेकर मछली आहार और तकनीकी मार्गदर्शन तक सभी जरूरी सुविधाएं सुलभ कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा, एसडीएम मनोज मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
