डिफेंडर गुकेश और चैलेंजर सिंदारोव के बीच पहला गेम 38 चालों के बाद ड्रॉ

Follow Us

चेन्नई। मंगलवार देर रात जिनेवा में चल रही ‘सेल्सफोर्स फिडे वर्ल्ड चैंपियनशिप’ के पहले मुकाबले में, मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन भारत के गुकेश डोम्माराजू और उनके चैलेंजर उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के बीच खेला गया गेम 38 चालों के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों खिलाड़ियों ने एक जटिल मुकाबले में बेहद सटीक खेल दिखाया। कोई भी खिलाड़ी निर्णायक रूप से पलड़ा अपनी ओर नहीं झुका सका, जिसके चलते दोनों को 0.5-0.5 अंक मिले और मुकाबला बराबरी पर छूटा।

मैच शुरू होने से कुछ मिनट पहले दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया और अपनी-अपनी सीटों पर बैठ गए। माहौल में तनाव साफ महसूस किया जा सकता था, क्योंकि दोनों खिलाड़ी आगे की कड़ी चुनौती पर पूरा ध्यान केंद्रित करने के लिए तैयार थे। मॉडरेटर मॉरिस एशले द्वारा संक्षिप्त परिचय के बाद, फिडे अध्यक्ष तैमूर तुरलोव और फिडे के डिप्टी अध्यक्ष व पांच बार के वर्ल्ड चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने पारंपरिक रूप से पहली चालें चलीं।

दोनों खिलाड़ियों ने क्लासिकल ओपनिंग को चुना। ‘रुई लोपेज़’ ओपनिंग में, गुकेश ने बेहद मजबूत ‘बर्लिन डिफेंस’ का इस्तेमाल किया। यह वेरिएशन तब चर्चा में आया था, जब व्लादिमीर क्रैमनिक ने 2000 की वर्ल्ड चैंपियनशिप में गैरी कास्परोव के खिलाफ इसका बहुत प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया था।

महिला और पुरुष खिलाड़ी खेलेंगे नई मिक्स्ड टी-20 लीग ‘इक्वल’

इसमें कोई शक नहीं कि दोनों खिलाड़ियों ने मैच से पहले ही इस ओपनिंग का काफी गहराई से विश्लेषण किया था। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले केवल गुकेश ने ही उस प्रसिद्ध ‘क्वीनलेस मिडिलगेम’ (बिना वज़ीर वाला मिडिलगेम) में कदम रखा था, और तब उन्होंने ऐसा सफेद मोहरों के साथ किया था।

मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में, सिंदारोव ने बताया कि उन्होंने पहले गेम में जानबूझकर एक सुरक्षित और मजबूत रणनीति अपनाई थी, ताकि वे मैच में खुद को ढाल सकें और खेल हॉल के माहौल को समझ सकें। खेल में आगे चलकर, लगभग 15वीं चाल के आसपास गुकेश ने काफी समय लिया और फिर एक बेहतरीन योजना बनाई। इसमें उन्होंने अपने ‘ए -पॉन’ (ए-प्यादे) को आगे बढ़ाया, जिसके बाद 17…बीबी4 और 18…एच6 की चालें चलीं। इससे उनके प्रतिद्वंद्वी को एनडी4 के जरिए कोई पहल करने का मौका नहीं मिला।

बाद में सिंदारोव ने बताया कि उन्होंने 19.एनजी3, फिर एनएच5, और उसके बाद जी4 व ऍफ़4 से प्यादों को आगे बढ़ाकर ‘किंगसाइड’ (राजा की तरफ) पर हमले के मौके बनाने की कोशिश की थी। बाद में दोनों खिलाड़ियों ने बताया कि वे अपनी-अपनी जीत की संभावनाओं को लेकर काफी आश्वस्त थे।

नौसेना को सौंपा गया डीएससी ए21

उज्बेक ग्रैंडमास्टर अंततः अपने प्रतिद्वंद्वी के राजा के खिलाफ रास्ते खोलने में सफल रहे, लेकिन गुकेश ने 27…केएफ6 की सटीक चाल चलकर खेल पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। सिंदारोव ने माना कि उन्होंने इस चाल को कम करके आंका था। हालांकि, चैलेंजर ने जल्द ही खुद को संभाला और कुछ सटीक चालें चलीं, जिसके चलते अंततः 38वीं चाल पर खेल दोहराव के साथ ड्रॉ हो गया। यह एक मजबूत और कड़ा मुकाबला था, जिसके बाद मैच का स्कोर अब 0.5-0.5 हो गया है। आज शाम होने वाले दूसरे गेम में गुकेश के पास सफेद मोहरे होंगे।