मुंबई। सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच टेलीविजन प्रोड्यूसर एकता कपूर ने तान्या मित्तल को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने पुष्टि की है कि वह जल्द ही तान्या के साथ एक नया शो शुरू करने जा रही हैं। एकता के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट कुछ ऐसा होगा, जिसकी दर्शकों ने उम्मीद नहीं की होगी।
हाल ही में इंस्टाग्राम लाइव के दौरान एकता कपूर ने तान्या का जिक्र करते हुए कहा कि वह जल्द ही उनका शो लेकर आ रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तान्या के साथ काम करने की योजना को भुलाया नहीं गया है और दर्शकों को इस प्रोजेक्ट का इंतजार करना चाहिए। लाइव के दौरान तान्या का नाम सामने आने पर गौरव खन्ना भी नजर आए, हालांकि उन्होंने इस पर कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी।
तान्या मित्तल और एकता कपूर की मुलाकात का सिलसिला ‘बिग बॉस 19’ के दौरान शुरू हुआ था। शो में एकता कपूर ने तान्या को अपने एक प्रोजेक्ट में काम करने का ऑफर दिया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला आगे बढ़ा। फरवरी 2026 में तान्या ने एकता के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। उस दौरान एकता ने बताया था कि उन्होंने शो के अंदर ही तान्या को भूमिका का प्रस्ताव दिया था और उनके पास इसका लिखित ऑफर भी है।
नवंबर में यह प्रोजेक्ट एक बार फिर चर्चा में आया, जब गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या का शो ‘दिल की बेवफाइयां’ लॉन्च हुआ। इसके कार्यक्रम में होस्ट फराह खान के साथ बातचीत के दौरान गौरव ने एकता कपूर के साथ काम करने की इच्छा का जिक्र किया था। फिलहाल एकता ने तान्या के शो की घोषणा तो कर दी है, लेकिन इसकी कहानी, नाम और प्रसारण से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है।
