मुंबई के गुरुद्वारे पहुंचीं निमरत कौर, दोस्तों संग मनाया गुरुपर्व और चखा लंगर

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री निमरत कौर ने मंगलवार, 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मुंबई के एक गुरुद्वारे में मत्था टेका और गुरुपर्व मनाया। घर से दूर रहकर त्योहार मनाने के दौरान अभिनेत्री अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को याद करती नजर आईं। उन्होंने गुरुद्वारे में बिताए खास पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

निमरत कौर ने इंस्टाग्राम पर साझा पोस्ट में अपनी मिट्टी, परंपराओं और संस्कारों को याद किया। उन्होंने लिखा कि घर से दूर रहने पर अपनी संस्कृति और जीवन मूल्यों की अहमियत और अधिक महसूस होती है। अभिनेत्री ने विनम्रता, सेवा, समानता, साहस और करुणा को जीवन के महत्वपूर्ण मूल्य बताया। तस्वीरों में वह पीले रंग के पारंपरिक सूट में नजर आईं। इस दौरान उन्होंने दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और गुरुद्वारे में आयोजित लंगर का आनंद लिया।

अभिनेत्री ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए ईमानदारी से मेहनत करने, मिल-बांटकर खाने और ईश्वर का स्मरण करने का संदेश साझा किया। उन्होंने सभी के जीवन में सुख और आध्यात्मिक प्रकाश की कामना भी की। इससे पहले वर्ष 2020 में भी निमरत ने गुरुपर्व पर लंगर तैयार करने और श्रद्धालुओं को भोजन परोसने से जुड़ी यादें साझा की थीं। उन्होंने लंगर सेवा को अपने प्रिय अनुभवों में शामिल बताया था।

गुरुपर्व सिख समुदाय का प्रमुख धार्मिक पर्व है। इस दिन गुरु नानक देव जी के जन्मोत्सव के रूप में प्रकाश पर्व मनाया जाता है। देश-दुनिया के गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन होता है। लंगर की परंपरा समानता, भाईचारे और निःस्वार्थ सेवा का संदेश देती है, जहां सभी लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। निमरत कौर ‘द लंचबॉक्स’, ‘एयरलिफ्ट’ और ‘दसवीं’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं।