लखनऊ । उत्तर प्रदेश के पीजीआई में डॉक्टरों ने एक बेहद कम वजन वाली नवजात बच्ची के दिल से 5 सेंटीमीटर लंबा टुकड़ा निकालकर उसकी जान बचाई है। यह टुकड़ा बच्ची को दवा देने के लिए नस में डाली गई पीआईसीसी लाइन के टूटने से अलग हुआ था और दिल के दाएं हिस्से में जाकर फंस गया था। डॉक्टरों ने बिना दिल की बड़ी सर्जरी किए कैथेटर की मदद से इसे सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। इलाज के बाद बच्ची स्वस्थ हो गई है और उसे अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। पीजीआई निदेशक ने इस सफल उपचार के लिए पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी है। बच्ची का जन्म गर्भावस्था के 31 सप्ताह और 3 दिन में हुआ था। वह जुड़वां बच्चियों में से एक है और जन्म के समय उसका वजन महज 1225 ग्राम था। समय से पहले जन्म लेने के कारण उसे सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके चलते वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। इसके बाद उसे पीजीआई के नवजात गहन चिकित्सा कक्ष (एनआईसीयू) में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बच्ची सेप्सिस और मेनिन्जाइटिस से भी पीड़ित हो गई। लंबे समय तक एंटीबायोटिक दवाएं देने के लिए डॉक्टरों ने उसकी नस में पीआईसीसी लाइन डाली थी। इसके जरिए बार-बार सुई लगाए बिना कई दिनों तक दवाएं दी जा सकती हैं।
जन्म के 26वें दिन अचानक बच्ची को सांस लेने में परेशानी होने लगी। डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि पीआईसीसी लाइन टूट गई है और उसका करीब 5 सेंटीमीटर लंबा टुकड़ा दिल के दाएं हिस्से में पहुंचकर फंस गया है। इस स्थिति में बच्ची की जान को गंभीर खतरा था। टुकड़े के दिल में रहने से धड़कन बिगड़ने, खून का थक्का बनने और अन्य गंभीर जटिलताओं की आशंका थी। बच्ची का वजन बेहद कम होने के कारण पारंपरिक तरीके से बड़ी सर्जरी करना भी जोखिम भरा था। ऐसी स्थिति में नवजात रोग और हृदय रोग विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने कैथेटर तकनीक से टुकड़ा निकालने का फैसला किया। डॉक्टरों ने पैर की नस के रास्ते एक पतला स्नेयर यानी फंदा दिल तक पहुंचाया। एक्सरे की मदद से दिल में फंसे टुकड़े को पकड़ा गया और सावधानीपूर्वक बाहर निकाल लिया गया। इस प्रक्रिया में बच्ची के सीने पर कोई बड़ा चीरा नहीं लगाना पड़ा और बड़ी सर्जरी की जरूरत भी नहीं पड़ी। सफल प्रक्रिया के बाद बच्ची की हालत में सुधार हुआ और अब वह स्वस्थ है। उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उपचार करने वाली टीम में डॉ. आरके क्षेत्रपाल, डॉ. शिवेंद्र, डॉ. अनिता सिंह, डॉ. आकांक्षा वर्मा और डॉ. फौजिया फरहत शामिल रहीं। पूरी प्रक्रिया विभागाध्यक्ष डॉ. कीर्ति एम. नरमजे के मार्गदर्शन में की गई। वहीं, हृदय रोग विशेषज्ञों की टीम का नेतृत्व डॉ. अंकित साहू और प्रो. आदित्य कपूर ने किया।
