चांदनी चौक में दोबारा कब्जा हुआ तो अधिकारियों पर गिरेगी गाज, CM रेखा गुप्ता ने दिए सख्त निर्देश

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक चांदनी चौक को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अतिक्रमण हटाने के बाद यदि दोबारा अवैध कब्जा हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने दिल्ली नगर निगम (MCD), दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केवल कब्जे हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि खाली कराई गई जगहों पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी भी जरूरी है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 20 नवंबर को इंद्रप्रस्थ हेरिटेज रीडेवलपमेंट कॉरपोरेशन, एमसीडी, दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में चांदनी चौक के विकास, अतिक्रमण की समस्या और ऐतिहासिक क्षेत्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी दिल्ली के विकास में अतिक्रमण बड़ी बाधा है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करें और सड़कों तथा फुटपाथों को अवैध कब्जों से मुक्त कराएं।

उन्होंने कहा कि सड़कों और फुटपाथों पर अवैध कब्जे होने से आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इससे वाहनों की आवाजाही, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसके अलावा चांदनी चौक में चल रहे विकास कार्यों पर भी इसका असर पड़ता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जा चुका है, वहां नियमित निगरानी रखी जाए और दोबारा कब्जा होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद एमसीडी और दिल्ली पुलिस ने चांदनी चौक तथा आसपास के इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। रविवार को पुल मिठाई, पीली कोठी, रानी अवंतिका चौक और तीस हजारी सहित कई स्थानों पर बुलडोजर की मदद से अवैध कब्जे हटाए गए। इस कार्रवाई के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए। मुख्यमंत्री ने अभियान पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को कार्रवाई लगातार जारी रखने और खाली कराई गई जगहों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि चांदनी चौक की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और सुंदरता को सुरक्षित रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।