बलरामपुर में डबरी में डूबने से 37 वर्षीय युवक की मौत, दूसरे दिन मिला शव

Follow Us

बलरामपुर। जिले के ग्राम पंचायत सौनी दादर निवासी 37 वर्षीय फिरोज राम पिता अजय प्रसाद की डबरी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार से लापता युवक का शव मंगलवार सुबह खेत में बनी डबरी से बरामद हुआ। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक ग्रामीणों ने फिरोज राम को देखा था। इसके बाद दोपहर तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उनके खेत में बनी डबरी के किनारे चप्पल और कपड़े मिले। इससे परिजनों को आशंका हुई कि फिरोज राम डबरी में डूब गए होंगे।

इसके बाद डबरी का पानी कम कराने की व्यवस्था की गई। मंगलवार सुबह पानी कम होने पर फिरोज राम का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मामले में गणेश मोड़ चौकी में मर्ग कायम किया गया है। सूचना पर प्रधान आरक्षक मनोज लकड़ा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक व्याप्त है।