सरगुजा में अडानी एंटरप्राइजेज के सीएसआर कार्यों, तारा कोल ब्लॉक आवंटन की होगी जांच

Follow Us

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अडानी एंटरप्राइजेज की ओर से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत कराए गए कार्यों तथा तारा कोल ब्लॉक के आवंटन और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं की जांच होगी। राजभवन ने इस संबंध में राज्य सरकार के खनिज विभाग के सचिव को पत्र लिखकर जांच करने और विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

शिकायतकर्ता से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर के सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद ने राजभवन को पत्र लिखकर अडानी एंटरप्राइजेज के सीएसआर कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की थी। शिकायत में कंपनी की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत संचालित गतिविधियों और खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के दावों पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कोयला खदानों से प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार देने के नाम पर कागजों में खानापूर्ति की जा रही है। रोजगार के अलग-अलग अवसरों का दावा कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति दावों से अलग है। उन्होंने सीएसआर के तहत कराए गए कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की है।

छत्तीसगढ़ में महज 47 दिन होगी धान खरीदी, किसानों की परेशानी बढ़ेगी- दीपक बैज

शिकायत में तारा कोल ब्लॉक के आवंटन और खनन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि अडानी समूह से जुड़ी दूसरी कंपनी के माध्यम से यहां खनन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जबकि संबंधित गांवों के लोग लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि सरगुजा के इस क्षेत्र में कोयला खदानों को लेकर पहले भी विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं। स्थानीय लोगों की ओर से नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी कर नए कोल ब्लॉक शुरू करने की तैयारी किए जाने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। शिकायत के मद्देनजर राजभवन के अवर सचिव ने खनिज विभाग के सचिव को पत्र जारी कर संबंधित मामलों की जांच करने तथा जांच रिपोर्ट राजभवन को सौंपने के निर्देश दिए हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता सुजान बिंद का कहना है कि उन्हें अब जांच शुरू होने का इंतजार है। यदि जांच नहीं होती या जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। राजभवन के निर्देश के बाद सरगुजा में सीएसआर कार्यों और तारा कोल ब्लॉक से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब जांच शुरू होने, रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर स्थानीय लोगों की निगाहें टिकी हैं। मामले में कंपनी का पक्ष फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक सात गिरफ्तारियां