गिरौदपुरी। छत्तीसगढ़ के गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम सुकली में शुक्रवार सुबह एक महिला और उसके दो बच्चों के शव घर के कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28), उनके बेटे चिरंजीव मानिकपुरी (10) और दिव्यांश मानिकपुरी (5) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को सुबह करीब 4 बजे तीनों की मौत की सूचना मिली। इसके बाद गिरौदपुरी चौकी की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में तीनों के जहर सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पति के साथ पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
पुलिस ने मृतका के परिजनों और अन्य गवाहों से पूछताछ की है। प्रारंभिक पूछताछ में महिला और उसके पति के बीच पारिवारिक कलह की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
