छत्तीसगढ़ में नर्सिंग की खाली सीटों पर संयुक्त काउंसिलिंग शुरू, 22 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

Follow Us

रायपुर । छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए दूसरे और तीसरे चरण (मॉप-अप राउंड) की संयुक्त काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के अनुसार, अभ्यर्थी 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से 22 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग की खाली सीटों को शामिल किया गया है। इस चरण में नए अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन पंजीयन का अवसर मिलेगा। पहले से पंजीकृत पात्र उम्मीदवार संस्थान और पाठ्यक्रम का दोबारा चयन कर सकते हैं। काउंसिलिंग में शामिल सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से विकल्प भरना और उन्हें लॉक करना अनिवार्य है।

पहले चरण में प्रवेश प्राप्त कर चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट अपग्रेड करने का विकल्प भी दिया जाएगा। वहीं, बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक हासिल करने वाले उम्मीदवार भी पंजीयन कराकर संस्थान का चयन कर सकेंगे। यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगी।

संयुक्त काउंसिलिंग के दौरान बची हुई सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के अनुसार किया जाएगा। अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी आगे की जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।