रायपुर । अकवान चक्रवात के कारण फसलों को हुए नुकसान के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में किसानों के साथ खड़ी है। प्रभावित किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के बाद नियमानुसार सभी पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को चक्रवात प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराने के निर्देश दिए हैं। सर्वेक्षण के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्रतानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अपनी फसलों का बीमा कराया है, उन्हें संबंधित फसल बीमा योजना के नियमों के अनुसार पात्र बीमा दावा राशि दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत और सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार सभी जरूरी कदम उठाएगी।
