पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को निधन हो गया। उन्होंने 89 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में सुबह 11 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। 7 मई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात की थी। अगले दिन 8 मई को वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था।
सीएम धामी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और प्यार जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। सीएम धामी ने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
