० पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, भूमि अनुमति से लेकर जीएसटी और ट्रेड लाइसेंस तक की हुई जांच
मनेन्द्रगढ़। कबाड़ व्यवसाय की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुरुवार को मनेन्द्रगढ़ में दो कबाड़ प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों और अनुमतियों के संधारण में गंभीर कमियां मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को नियमानुसार सील करने की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, तहसीलदार विनीत सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्योत्स्ना टोप्पो और थाना मनेन्द्रगढ़ के पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में की गई। संयुक्त टीम ने चौहान ट्रेडर्स के संचालक चुनमुन और कुरैशी इंटरप्राइजेज के संचालक राजू कबाड़ी के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान संचालकों से व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक दस्तावेज और विभागीय अनुमतियां मांगी गईं। इनमें भूमि स्वामित्व दस्तावेज, भूमि डायवर्सन अनुमति, नगर पालिका का ट्रेड लाइसेंस, जीएसटी पंजीयन, कबाड़ गोदाम का पंजीयन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति, खरीदी-बिक्री के अभिलेख, बिल, व्यावसायिक बिजली कनेक्शन, श्रम विभाग का पंजीयन और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता शामिल थी। इसके अलावा शासकीय उपक्रमों से कबाड़ खरीदी का दावा होने पर एमएसटीसी पंजीयन की भी जांच की गई।
छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती परीक्षा से हटी रोक, 2,292 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ
संयुक्त जांच में दोनों प्रतिष्ठानों में आवश्यक दस्तावेजों और अनुमतियों के संधारण में कमियां पाई गईं। इसके बाद संबंधित विभागों की मौजूदगी में नियमानुसार सील करने की कार्रवाई की गई।
पहले भी जब्त हो चुका है 1250 किलो कबाड़-
उल्लेखनीय है कि मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने 13 अक्टूबर 2026 को भी कबाड़ गोदामों के खिलाफ कार्रवाई की थी। चनवारीडांड स्थित गोदाम से पुराने मशीनरी उपकरण, सबमर्सिबल पंप, गैस सिलेंडर, लोहे की जाली, टीन शीट और एयर कंप्रेशर सहित 910 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया गया था। इसकी अनुमानित कीमत 22,750 रुपये थी।
नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भपात एवं नवजात शिशु का शव नाली में फेंकने के मामले में 04 आरोपी गिरफ्तार
इसी तरह मोहरापारा में राजू कबाड़ी के गोदाम के पीछे से पुराने सेटिंग प्लेट, लोहे की छड़ें, पाइप, टीन शीट और अन्य सामग्री सहित 340 किलोग्राम कबाड़ जब्त किया गया था। इसकी कीमत 10,200 रुपये आंकी गई थी। दोनों कार्रवाइयों में कुल 1,250 किलोग्राम कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत 32,950 रुपये थी, पुलिस ने जब्त किया था। इस संबंध में बीएनएसएस की धारा 106 के तहत इस्तगासा क्रमांक 03/2026 और 04/2026 कायम कर कार्रवाई की गई थी।
पुलिस एवं जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कबाड़ कारोबार की आड़ में अवैध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
