आंगनबाड़ी सहायिकाओं की मांगों के समर्थन में उतरे विधायक इन्द्र साव, तीन दिवसीय आंदोलन को दिया समर्थन

Follow Us

भाटापारा। आंगनबाड़ी सहायिकाओं द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर किए जा रहे तीन दिवसीय आंदोलन को विधायक इन्द्र साव ने अपना समर्थन दिया। आंदोलनरत सहायिकाओं के बीच पहुंचकर विधायक ने उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा उनकी मांगों को जायज बताते हुए शासन-प्रशासन तक आवाज पहुंचाने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर विधायक इंद्र साव ने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं की देखभाल सहित पोषण और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सीमित संसाधनों और कम मानदेय के बावजूद वे पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाओं की मेहनत और सेवाओं का सम्मान होना चाहिए। उनकी जायज मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना शासन की जिम्मेदारी है। विधायक इंद्र साव ने आंदोलनरत सहायिकाओं को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों और समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेहनतकश कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

जनता के एक-एक रुपये का सही उपयोग सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

विदित हो कि छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ अपनी जायज मांगो को लेकर तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन कर रहे है। उनकी मांग है कि उन्हें सम्मानजनक मानदेय देते हुए सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियमित किया जाए। नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें प्रति माह ₹30,000 मानदेय प्रदान किया जाए। बिना परीक्षा पदोन्नति आयु सीमा में छूट देते हुए 200 से अधिक रिक्त पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) पदों पर कार्यकर्ताओं को तत्काल 50 प्रतिशत पदोन्नति दी जाए।

इसके अलावा सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नत किया जाए। सेवा समाप्ति (सेवानिवृत्ति) के पश्चात कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को ₹10,00,000 (दस लाख रुपये) की एकमुश्त आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाए। भत्ता पोषण ट्रैकर सहित अन्य विभागीय ऐप्स के सुचारू संचालन हेतु उच्च गुणवत्ता वाले मोबाइल फोन उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही वर्तमान इंटरनेट भत्ते को बढ़ाकर ₹500 प्रति माह किया जाए। प्रोत्साहन राशि तथा मानदेय भुगतान में हो रही तकनीकी व प्रशासनिक गड़बड़ियों को तत्काल सुधारा जाए।

महतारी वंदन योजना के कार्यों के लिए अलग से प्रोत्साहन राशि दी जाए, अन्यथा उनसे यह कार्य न लिया जाए। जर्जर हो चुके आंगनबाड़ी भवनों का तत्काल जीर्णाेद्धार (नवीनीकरण) किया जाए। केंद्रों में बच्चों व स्टाफ की सुविधा हेतु टीवी, पंखा एवं कूलर की समुचित व्यवस्था की जाए। बच्चों के लिए सुविधाएं एवं गुणवत्तायुक्त आहार आंगनबाड़ी के बच्चों को निःशुल्क यूनिफॉर्म और पर्याप्त खिलौने विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जाएं, जनप्रतिनिधियों या आम जनता से सहयोग मांगने के लिए बाध्य न किया जाए।

पूरक पोषण आहार में वितरित किए जा रहे रेडी-टू-ईट के स्थान पर उच्च गुणवत्तायुक्त पोषण आहार दिया जाए। विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के गैस सिलेंडर की रिफिलिंग सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, गर्म भोजन के चावल में हो रही कटौती (माइनस) एवं उसकी बचत का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक करने वाली मांग प्रमुख है।धरना को आदिवासी कांग्रेस राष्ट्रीय समन्वयक गणेश सिंह ध्रुव ने भी सम्बोधित किया l

आदिवासी वर्ग के नाम पर नौकरी कर रहे ओबीसी शिक्षक 2024 से निलंबित, अब भी मिल रहा 75 प्रतिशत वेतन

इस धरना स्थल पर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक ध्रुव, मुकेश साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के जिलाध्यक्ष सतरूपा ध्रुव, जिला संरक्षक प्रकाश जाधव, जिला सचिव जीवन यादव ब्लाक अध्यक्ष राजश्री साहू, डूमरेश, इंदू ध्रुव, सविता वर्मा, सुरेखा रावत, मालती , भारती, कुसुमलता, माधुरी, ममता, चंचल, राखी वैष्णव सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सहायिकाएं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं और उन्होंने विधायक के समक्ष अपनी मांगों एवं समस्याओं को पुरजोर से रखा।