मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धमकी के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, धमकी किस माध्यम से दी गई और इसके पीछे क्या वजह है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़ा है जीशान अख्तर का नाम
जीशान अख्तर का नाम अक्टूबर 2024 में हुए बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी सामने आया था। 12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा इलाके में बाबा सिद्दीकी पर उस समय गोलीबारी की गई थी, जब वह अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर मौजूद थे। गंभीर रूप से घायल बाबा सिद्दीकी को लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई थी।
सलमान खान समेत कई सितारों को मिल चुकी हैं धमकियां
पिछले कुछ समय में बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकियां मिल चुकी हैं। सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से लगातार धमकियां दी गईं। उनके घर के बाहर फायरिंग की घटना भी हुई थी। इसके अलावा रोहित शेट्टी, कपिल शर्मा, आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को लेकर भी धमकी और हमले की खबरें सामने आ चुकी हैं।
जनवरी 2025 में सैफ पर हुआ था चाकू से हमला
सैफ अली खान इससे पहले जनवरी 2025 में भी जानलेवा हमले का सामना कर चुके हैं। मुंबई स्थित उनके घर में घुसे एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से कई वार किए थे। इस हमले में सैफ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें ऑटो रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया गया था। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। अब दोबारा धमकी मिलने की खबर के बाद अभिनेता की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है
