सीएम साय पर बघेल की टिप्पणी को भाजपा ने बताया अमर्यादित, सार्वजनिक माफी की मांग की

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कथित टिप्पणी पर सियासी विवाद तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बघेल के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए इसे अमर्यादित और जनजातीय समाज के प्रति सामंती मानसिकता का परिचायक बताया है। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने गुरुवार को कहा कि साय के संबंध में बघेल की ओर से की गई कथित टिप्पणी छत्तीसगढ़ की राजनीतिक मर्यादा के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बघेल लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियों के जरिए राजनीतिक विमर्श का स्तर गिरा रहे हैं।

गुरुनानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व पर 22 नवंबर को भाटापारा में निकलेगा भव्य नगर कीर्तन

ठाकुर ने कहा कि बघेल द्वारा मुख्यमंत्री के संदर्भ में कथित तौर पर नशे से जुड़ी टिप्पणी करना अत्यंत आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं लेकिन किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि जनजातीय समाज से आने वाले मुख्यमंत्री की बढ़ती लोकप्रियता को कांग्रेस नेतृत्व पचा नहीं पा रहा है। उन्होंने कहा कि साय प्रदेश के किसानों, युवाओं, महिलाओं और जनजातीय समुदाय के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं, जबकि विपक्ष व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझा हुआ है।

ठाकुर ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कोयला, शराब, महादेव सट्टा ऐप और लोक सेवा आयोग से जुड़े कथित घोटालों को लेकर भी बघेल पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।

तुलसी विवाह पर ऐसे करें माता तुलसी का श्रृंगार, मिलेगा हरि का आशीर्वाद

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर जनजातीय समाज के प्रति असम्मानजनक रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं की भाषा और आचरण में यह प्रवृत्ति पहले भी दिखाई दे चुकी है। उन्होंने राष्ट्रपति के संबंध में कांग्रेस नेताओं की पूर्व की टिप्पणियों का भी उल्लेख किया। ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने कथित बयान के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ की जनता से तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।