नई दिल्ली। संसद भवन में आज गुरुवार को तीन संसदीय समितियों की अहम बैठकें आयोजित होंगी। इनमें ग्रीन इंडिया मिशन के कार्यान्वयन, विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 और कोयले की निकासी व परिवहन से जुड़े बुनियादी ढांचे की समीक्षा पर चर्चा होगी। पहली बैठक सुबह 11 बजे पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से जुड़े मुद्दों पर होगी। इसमें ग्रीन इंडिया मिशन के कार्यान्वयन को लेकर सीएजी की परफॉर्मेंस ऑडिट रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान मंत्रालय के प्रतिनिधि समिति के सामने मौखिक साक्ष्य पेश करेंगे। कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल इस समिति के अध्यक्ष हैं।
वहीं, सुबह 11 बजे विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पर गठित संयुक्त समिति की बैठक भी होगी। इसमें विभिन्न हितधारक प्रस्तावित विधेयक को लेकर अपने विचार और सुझाव रखेंगे। भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल इस संयुक्त समिति के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा, सुबह 10:30 बजे कोयला, खान और इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक होगी। इसमें कोयला मंत्रालय और उसके अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के प्रतिनिधि कोयले की निकासी और परिवहन के लिए बुनियादी ढांचे की स्थिति पर जानकारी देंगे। इस समिति की अध्यक्षता भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर कर रहे हैं। इन बैठकों में पर्यावरण संरक्षण, विदेशी अंशदान से जुड़े प्रस्तावित कानूनी बदलाव और कोयला परिवहन व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
