Procedure for Adorning Mother Tulsi: हिंदू धर्म में सभी एकादशियों का विशेष महत्व माना जाता है, लेकिन देवउठनी एकादशी को बेहद खास माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसी के साथ विवाह सहित अन्य शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। देवउठनी एकादशी के अवसर पर कई लोग तुलसी विवाह भी करते हैं, जबकि कुछ स्थानों पर द्वादशी तिथि को तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह के दिन माता तुलसी का दुल्हन की तरह श्रृंगार करना शुभ माना जाता है। उनके श्रृंगार में लाल चुनरी, चूड़ियां, बिंदी और अन्य पूजन सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि तुलसी विवाह के दिन माता तुलसी का श्रृंगार कैसे करें और किन बातों का विशेष ध्यान रखें।
तुलसी विवाह 2026: पूजा सामग्री से लेकर तुलसी के श्रृंगार तक जानें सबकुछ
तुलसी विवाह 2026 कब है?:
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह कराया जाता है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ पूरे विधि-विधान से संपन्न किया जाता है। इस साल द्वादशी तिथि 21 नवंबर 2026 को सुबह 06 बजकर 31 मिनट पर प्रारंभ होगी और 22 नवंबर 2026 को सुबह 04 बजकर 56 मिनट पर समाप्त। उदया तिथि के अनुसार, तुलसी विवाह 21 नवंबर 2026, शनिवार के दिन किया जाएगा।
तुलसी विवाह के लिए ऐसे करें पूजन की तैयारी:
तुलसी विवाह की पूजा के लिए सबसे पहले घर या आंगन में उस स्थान की साफ-सफाई करें, जहां तुलसी का पौधा स्थापित है। इसके बाद वहां गंगाजल या पवित्र जल का छिड़काव करें। तुलसी माता को नए वस्त्र पहनाकर उनका श्रृंगार करें। वहीं, पास में एक सुंदर आसन पर भगवान शालिग्राम को विराजमान करें और उन्हें पीले वस्त्र पहनाएं। इसके बाद चंदन, फूल और तुलसी दल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा करें। इस दौरान मंगल गीत गाने, विवाह मंत्रों का जाप करने और आरती करने की परंपरा है। पूजा संपन्न होने के बाद माता तुलसी और भगवान शालिग्राम को पंचामृत, मिठाई या खीर का भोग लगाएं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन देवउठनी एकादशी का व्रत भी रखा जाता है। संध्या के समय तुलसी माता की आरती कर पूजा का समापन किया जाता है।
सोनिया गांधी की किताब, राहुल का संस्मरण और सियासी संग्राम- रंजन श्रीवास्तव
ऐसे करें तुलसी माता का श्रृंगार:
तुलसी विवाह के अवसर पर माता तुलसी का श्रृंगार करना पूजा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। इस दिन माता तुलसी को दुल्हन की तरह सजाने की परंपरा है। इसके लिए सबसे पहले तुलसी के गमले या पौधे के आसपास की जगह को अच्छी तरह साफ करें और पवित्र जल का छिड़काव कर स्थान को शुद्ध करें। इसके बाद माता तुलसी को लाल या पीले रंग की साड़ी पहनाएं। धार्मिक मान्यताओं में इन रंगों को शुभता और मंगल का प्रतीक माना जाता है। माता तुलसी के श्रृंगार के लिए चुनरी, चूड़ियां, नथनी, मांग टीका, हार, कंगन, बिंदी और कमरबंद जैसी सामग्री का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, उनके आसपास सुंदर रंगोली बनाएं और दीपक जलाकर स्थान को सजाएं। इससे पूजा स्थल आकर्षक दिखाई देता है और तुलसी विवाह की तैयारियां भी विशेष बन जाती हैं।
तुलसी विवाह का महत्व:
तुलसी विवाह के अवसर पर माता तुलसी (वृंदा देवी) और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शालिग्राम को भगवान विष्णु का स्वरूप माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि तुलसी विवाह का आयोजन करने से घर में सुख-समृद्धि और सौभाग्य बना रहता है। जो भक्त अपने घर में विधि-विधान से यह विवाह कराते हैं, उन्हें भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। मान्यता है कि तुलसी विवाह के दिन व्रत रखने से अविवाहित कन्याओं को मनचाहा वर मिलने का आशीर्वाद प्राप्त होता है। वहीं, विवाहित दंपतियों के लिए यह व्रत वैवाहिक जीवन में सुख-शांति और खुशहाली लाने वाला माना जाता है।


