अवैध कटाई की जांच करने पहुंचे उप रेंजर से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध लकड़ी कटाई की जांच करने पहुंचे वन विभाग के उप रेंजर के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वन अधिकारी के साथ गाली-गलौज करने, जातिसूचक अपशब्द कहने और उनकी वर्दी फाड़ने का आरोप है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रुद्र प्रसाद मांझी उर्फ रुदुर मांझी (43) के रूप में हुई है। आरोपी को गत 16 नवंबर को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ईरान के खिलाफ शत्रुतापूर्ण कार्रवाई जारी रखने पर आईआरजीसी प्रवक्ता की बहरीन को चेतावनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना गत 24 अक्टूबर की है। उप रेंजर सूर्यकांत रात्रे अंधियारखोह परिसर में नियमित निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई किए जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर वह वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ संबंधित स्थान पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। इस दौरान मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। बताया गया है कि जांच संबंधी कार्रवाई पूरी करने के बाद जब उप रेंजर वापस लौट रहे थे, तभी रुद्र प्रसाद मांझी वहां पहुंचा और वन विभाग की कार्रवाई का विरोध करने लगा। आरोप है कि उसने उप रेंजर के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें थप्पड़ मारा तथा हाथ और गर्दन पकड़कर मारपीट की।

भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता के लिए राजनाथ और जयशंकर टोक्यो में

इस घटना में सूर्यकांत रात्रे की वर्दी के बटन टूट गए और गर्दन पर खरोंच सहित चोटें आईं। मारपीट की घटना का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने वन विभाग की जमीन पर कब्जा कर रखा है और इसी कारण वह विभागीय जांच का विरोध कर रहा था। हालांकि, जमीन पर कब्जे संबंधी आरोप की आधिकारिक पुष्टि जांच के अधीन है। घटना के बाद सूर्यकांत रात्रे ने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज हो चुका है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।