नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर बुधवार से जापान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे जहां वे दोनों देशों के बीच चौथी भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता में शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने आज बताया कि वार्ता के दौरान दोनों देश आपसी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। सिंह जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ रक्षा मंत्री स्तर की बैठक करेंगे। वहीं, विदेश मंत्री एस. जयशंकर जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ भारत-जापान विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता में हिस्सा लेंगे। जयशंकर इस दौरान तीसरे रायसीना टोक्यो कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
दोनों देशों के बीच पिछली वार्ता 2024 में राजधानी दिल्ली में हुई थी।
दिग्विजय क्लब के संचालन में अनियमितताओं पर प्रशासन की कार्रवाई
इस दौरे में भारत और जापान पिछले वर्ष अगस्त और इस वर्ष जुलाई में हुई 15वीं और 16वीं वार्षिक शिखर बैठकों में बनी सहमतियों की समीक्षा करेंगे। इसका उद्देश्य आपसी हित के क्षेत्रों में दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करना है। भारत और जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन के सम्मान जैसे साझा मूल्यों पर आधारित है। दोनों देश शांतिपूर्ण, समृद्ध और मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत की प्रतिबद्धता भी साझा करते हैं।
