अर्जुनी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया लूट का खुलासा, 3700 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक जब्त
धमतरी। जिले के सांकरा मोड़ के पास राहगीर से मारपीट कर 10 हजार रुपये लूटने वाले दो आरोपियों को अर्जुनी पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 3700 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गातापार निवासी शीतल कुमार साहू (28) 13 नवंबर को अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके पास 10 हजार रुपये नकद थे। दोपहर करीब 1:20 बजे वे ग्राम सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने के लिए रुके थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने उन्हें अकेला पाकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जेब से 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं एटीएम कार्ड रखे पर्स को लूटकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर अर्जुनी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 187/26 के तहत धारा 309(6) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर आरोपियों की तलाश तेज की गई। घटना के दौरान प्रार्थी ने आरोपियों की मोटरसाइकिल का नंबर नोट कर लिया था। इसी सुराग और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा निवासी नितिन साहू (25) और संदीप सोरी उर्फ विनय (18) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि लूटे गए 10 हजार रुपये आपस में पांच-पांच हजार रुपये बांट लिए थे। कुछ रकम खाने-पीने में खर्च कर दी, जबकि पर्स को उसमें रखे दस्तावेजों सहित फेंक दिया था।
पुलिस ने आरोपी नितिन साहू के कब्जे से 2450 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 05 एयू 8630 जब्त की। वहीं, संदीप सोरी के कब्जे से 1250 रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह कुल 3700 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में अर्जुनी थाना पुलिस टीम और वैज्ञानिक अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
