गरियाबंद (मैनपुर) । विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा 100 सप्ताह संकल्प अभियान के अंतर्गत नवीन शासकीय महाविद्यालय मैनपुर में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के 9वें सप्ताह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 250 विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व जनपद सदस्य डाकेश्वर नेगी एवं महाविद्यालय के प्राचार्य सनबरसन साहू द्वारा किया गया। इस अवसर पर नशा मुक्ति रैली निकालकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही अतिथियों, विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, बोरा दौड़, गोला फेंक, तवा फेंक, रस्सी कूद, लंबी कूद, वॉलीबॉल एवं कबड्डी सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में कुल 93 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 73 छात्राएं एवं 20 छात्र शामिल रहे एवं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए सेल्फी पॉइंट एवं हस्ताक्षर बोर्ड भी बनाया गया, जहां विद्यार्थियों ने तस्वीरें लेकर और हस्ताक्षर कर नशामुक्त युवा अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।समापन समारोह में विशेष अतिथि दुर्गा चरण कोमर्रा, द्रोण कुमार साहू, सुषमा दास सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सांकरा मोड़ पर राहगीर से मारपीट कर 10 हजार रुपये लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्राचार्य सनबरसन साहू, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी जयश्री वर्मा, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेलकूद के माध्यम से युवाओं में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनाना रहा।

