शहीदों के परिवारों का सम्मान हमारी नैतिक जिम्मेदारी: राज्यपाल रमेन डेका, शौर्य दिवस पर किया सम्मानित

Follow Us

रायगढ़। राज्यपाल रमेन डेका ने रायगढ़ में आयोजित शौर्य दिवस समारोह में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सैनिकों का बलिदान राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। शहीदों के परिवारों का सम्मान और उनके सुख-दुख में साथ देना हम सभी की जिम्मेदारी है।

राज्यपाल शनिवार को शासकीय पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सैनिकों का त्याग केवल उनका व्यक्तिगत बलिदान नहीं होता, बल्कि उनका पूरा परिवार भी राष्ट्र के लिए कई कठिनाइयों का सामना करता है। ऐसे परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग केवल किसी आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में जवानों ने साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ प्रदेश की शांति और सुरक्षा के लिए काम किया है। कई वीर जवानों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। राज्यपाल ने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने और उनके अनुशासन, साहस तथा देशभक्ति के भाव को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल नारों में नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने और देश के विकास में योगदान देने में है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने भारतीय सेना में शामिल होने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। सम्मानित होने वालों में सैनिक स्कूल के अंकित पटेल, तोयम पटेल, स्तव्य साहू, जयेश सिदार और सृष्टि राठिया सहित कक्षा 9वीं के नवनीत मेहर, भुवनेश पटेल और अर्नव गुप्ता शामिल रहे। इसके अलावा ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी चेन्नई की कलाडी श्रीनिधि और भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के आर. बालाजी को भी प्रोत्साहन राशि दी गई।

समारोह में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रिगेडियर आर. शंकर, कमांडेंट अजय सिंह बिसेन सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।