मेसी के संन्यास के बाद अपने पहले मैच में अर्जेंटीना हारा

Follow Us

ब्यूनस आयर्स। शुक्रवार को खेले गए एक फ्रेंडली मैच में उरुग्वे ने अर्जेंटीना को 2-1 से हरा दिया। उरुग्वे ने दूसरे हाफ में दो गोल किए। यह मैच लियोनेल मेसी के संन्यास के बाद के दौर का पहला मुकाबला था। जॉर्जियन डी अरास्काएटा की फ्री-किक के दौरान लियोनार्डो बालेर्डी से गलती हो गई और गेंद उनके अपने ही नेट में चली गई, जिससे उरुग्वे को बढ़त मिल गई। इसके बाद, डी अरास्काएटा के कॉर्नर किक पर मैक्सिमिलियानो अराउजो ने हेडर के जरिए गेंद को गोल पोस्ट के कोने में पहुंचा दिया।

73वें मिनट में अर्जेंटीना के जूलियन अल्वारेज़ ने एक गोल वापस किया। जियानलुका प्रेस्टियानी के क्रॉस पर अल्वारेज़ ने पहली बार में ही शॉट मारा, जो गोल पोस्ट से टकराकर अंदर चला गया। पिछले महीने मेसी के अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद, अर्जेंटीना का यह पहला मैच था। आठ बार के बैलन डी’ओर विजेता मेसी, 126 गोल के साथ अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी और 208 मैचों के साथ सबसे ज्यादा बार खेलने वाले खिलाड़ी के रूप में विदा हुए।

मंगलवार को इस साल के अपने आखिरी फ्रेंडली मैचों में, अर्जेंटीना का सामना कोर्डोबा में कोस्टा रिका से होगा, जबकि उरुग्वे की टीम मोंटेवीडियो में डोमिनिकन रिपब्लिक से भिड़ेगी।