शीतकालीन सत्र की तारीख घोषित नहीं होने पर गौरव गोगोई ने सरकार को घेरा, बोले- विपक्ष के सवालों का जवाब नहीं देना चाहती भाजपा

Follow Us

नई दिल्ली। संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों की घोषणा नहीं होने पर कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब शीतकालीन सत्र नवंबर में होना है, तो सरकार अब तक इसकी तारीखों का ऐलान क्यों नहीं कर रही है। गोगोई ने आरोप लगाया कि देश के सामने कई गंभीर मुद्दे हैं और विपक्ष इन पर सरकार से जवाब मांगना चाहता है। उनका दावा है कि भाजपा इन्हीं सवालों से बचने के लिए संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी कर रही है।

सरकार से गौरव गोगोई ने क्या पूछा?
गौरव गोगोई ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि संसद का शीतकालीन सत्र कब आयोजित होगा। उन्होंने कहा, “हम सभी जानते हैं कि शीतकालीन सत्र नवंबर में होना है। फिर सरकार ने अभी तक इसकी घोषणा क्यों नहीं की है? देश के लोगों के सामने कई गंभीर मुद्दे और चिंताएं हैं।”उन्होंने आगे आरोप लगाया कि विपक्ष शीतकालीन सत्र में जिन मुद्दों को उठाना चाहता है, सरकार के पास उनका जवाब नहीं है। इसी वजह से भाजपा संसद का सत्र बुलाना नहीं चाहती।

भारत सम्मेलन 2026 में लोकतंत्र पर रखी अपनी बात
गौरव गोगोई ने भारत सम्मेलन 2026 का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज हर देश के नागरिक किसी न किसी चुनौती का सामना कर रहे हैं।उनके मुताबिक, एक बड़ी समस्या यह है कि जब नागरिक अपनी सरकारों से सवाल पूछते हैं, तो सरकारें जवाब देने के बजाय उनके सवाल पूछने के अधिकार पर ही हमला करती हैं।

दुनिया के कई हिस्सों में लोकतंत्र पर खतरा: गोगोई
कांग्रेस सांसद ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं। ऐसे समय में पिछले दो दिनों के दौरान हुई चर्चाएं काफी महत्वपूर्ण रही हैं। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में इस बात पर चर्चा हुई कि किस तरह लोग और विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने क्षेत्रों में लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं।