कैथल में भीषण सड़क हादसा, रजवाहे की पुलिया से टकराई कार; 3 युवकों की मौत

Follow Us

कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। हादसा गांव पाई और सिसमार के बीच रात करीब 2 बजे हुआ। मृतकों की पहचान गांव करोड़ा निवासी नवदीप (19), प्रदीप (27) और अजय (22) के रूप में हुई है। तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक कार में सवार होकर गांव करोड़ा से कैथल शहर की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार गांव सिसमार के नजदीक पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर रजवाहे की पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही तितरम थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। आज शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, कार की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार पुलिया से टकरा गई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। तितरम थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाए गए हैं। पुलिस अब परिजनों के बयान दर्ज करेगी और उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।