झारखंड के कांग्रेस विधायक पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, भाजपा ने राहुल-सोनिया गांधी की चुप्पी पर उठाए सवाल

Follow Us

दिल्ली। झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म, मारपीट और दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने आरोपों को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर एक आदिवासी बच्ची के साथ इस तरह के गंभीर आरोप सामने आना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने बच्ची को अच्छी शिक्षा और बेहतर जिंदगी का भरोसा देकर अपने पास बुलाया और उससे घर का काम करवाया। इसके बाद उसके साथ मारपीट और यौन शोषण किए जाने के आरोप लगे हैं।बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला अधिकारों की बात करने वाले कांग्रेस के बड़े नेता इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि पार्टी के नेता इस गंभीर मामले पर अपनी प्रतिक्रिया क्यों नहीं दे रहे हैं।

शिक्षा और बेहतर जिंदगी का झांसा देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, पीड़ित किशोरी को पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर अपने साथ लाया गया था। पहले उसे सिमडेगा स्थित विधायक आवास में रखा गया और बाद में रांची ले जाया गया। किशोरी का आरोप है कि दोनों स्थानों पर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 5 अगस्त को रांची स्थित विधायक आवास में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद उसे किसी को भी इस बारे में जानकारी नहीं देने की चेतावनी दी गई। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

विधायक ने आरोपों को बताया साजिश
वहीं, कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है और उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से यह साजिश रची गई है। फिलहाल पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी।