रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दिन के समय तापमान अपेक्षाकृत अधिक बना हुआ है। राजधानी रायपुर सहित कई शहरों में रात के तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और अधिकांश क्षेत्रों में आसमान साफ रहने का अनुमान है।
दुर्ग में नगर निगम के सफाईकर्मी की चाकू मारकर हत्या, दो नाबालिग हिरासत में
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। दिनभर आसमान साफ रहने के बावजूद सुबह और देर शाम हल्की ठंड का अहसास हुआ। शहर के बाहरी क्षेत्रों में मुख्य शहरी इलाकों की तुलना में ठंड का प्रभाव अधिक महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
खरना 2026: छठ पूजा के दूसरे दिन इन नियमों का रखें ध्यान, जानें पूजा विधि- व्रत के जरूरी नियम
प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थानों में भी रात का तापमान अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेंड्रारोड और दुर्ग में 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री, जगदलपुर में 15.7 डिग्री और बिलासपुर में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, मौसम में बदलाव के साथ राजधानी रायपुर में गर्म कपड़ों का बाजार भी सक्रिय होने लगा है। शहर के विभिन्न बाजारों और दुकानों में स्वेटर, जैकेट, शॉल तथा बच्चों के ऊनी कपड़ों की बिक्री शुरू हो गई है। सुबह और देर शाम बढ़ती ठंड के कारण लोग गर्म कपड़ों का उपयोग करने लगे हैं। विशेष रूप से शहर के बाहरी इलाकों में रात के समय ठंड का असर अधिक दिखाई दे रहा है। खगोलीय समय संबंधी जानकारी के अनुसार, शनिवार को रायपुर में सूर्योदय सुबह 6:14 बजे और सूर्यास्त शाम 5:23 बजे होगा। वहीं चंद्रोदय सुबह 10:26 बजे तथा चंद्रास्त रात 9:23 बजे निर्धारित है।
