एनसीपी के विलय की अटकलों के बीच पुणे पहुंचेंगे अमित शाह, भाजपा-राकांपा और शिवसेना नेताओं से करेंगे मुलाकात

Follow Us

नई दिल्ली । महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 15 और 16 नवंबर को पुणे के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भाजपा, एनसीपी और शिवसेना के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। उनके दौरे को राज्य की सियासत के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।अमित शाह 15 नवंबर को तालेगांव दाभाड़े में सहकारी आधार पर संचालित होने वाली एक औद्योगिक इकाई का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे मुंडवे स्थित भारत फोर्ज की इकाई का दौरा करेंगे। रविवार रात उनका पुणे में ही ठहरने का कार्यक्रम है। इस दौरान महायुति गठबंधन के प्रमुख नेताओं से उनकी मुलाकात होने की संभावना है।

अजित पवार की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
16 नवंबर को अमित शाह पुणे जिला परिषद परिसर में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी के दिवंगत नेता अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस कार्यक्रम में एनसीपी के विधायक, मंत्री, सांसद और पार्टी के अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी नेताओं को फोन के माध्यम से कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। राज्य के प्रचार विभाग ने भी गृह मंत्री के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे की पुष्टि की है।एनसीपी सूत्रों के मुताबिक, महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने प्रतिमा अनावरण के लिए औपचारिक अनुरोध किया था। पार्टी के पदाधिकारी अमित शाह से महायुति गठबंधन और एनडीए से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा कर सकते हैं।

सुनेत्रा और पार्थ पवार ने दिल्ली में की थी मुलाकात
अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब कुछ दिन पहले उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और उनके बेटे व सांसद पार्थ पवार ने नई दिल्ली में उनसे मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि इस बैठक में एनसीपी को वित्त मंत्रालय दोबारा सौंपने और पार्टी के दोनों गुटों के संभावित विलय या एकजुट होने के मुद्दे पर चर्चा हुई थी।इसके बाद एनसीपी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी अमित शाह से मुलाकात की थी। इसमें प्रफुल्ल पटेल, महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिलीप वलसे पाटिल, मंत्री छगन भुजबल और हसन मुश्रीफ के साथ पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे शामिल थे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में पार्टी के कामकाज और वरिष्ठ व युवा नेताओं के बीच बढ़ती दूरी को लेकर भी बातचीत हुई।

सुप्रिया सुले ने विलय की चर्चाओं को किया खारिज
एनसीपी के दोनों गुटों के एक होने की अटकलों के बीच एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने गुरुवार को विलय को लेकर किसी भी बातचीत से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उनके भाई और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के दिन ही उनके लिए विलय का मुद्दा खत्म हो गया था।सुले ने स्पष्ट कहा कि उन्हें विलय के संबंध में कोई प्रस्ताव नहीं मिला है और न ही किसी ने उनसे इस बारे में बातचीत की है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब उनके भाई ही अब इस दुनिया में नहीं हैं, तो उनके लिए विलय का विषय उसी दिन समाप्त हो गया था।

फरवरी में एक हो सकते थे दोनों गुट?
महाराष्ट्र में पिछले एक सप्ताह से विलय की चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं। एनसीपी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने हाल ही में कहा था कि अजित पवार के जीवित रहते दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत चल रही थी। उनके मुताबिक, यदि विमान हादसे में अजित पवार का निधन नहीं हुआ होता, तो फरवरी में दोनों गुट एक हो सकते थे। वहीं, शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनका हालचाल जाना था। इसके दो दिन बाद एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने उनसे मुलाकात की। इसके बाद सांसद पार्थ पवार लगातार दो दिन शरद पवार के मुंबई स्थित आवास ‘सिल्वर ओक’ पहुंचे थे। इन मुलाकातों के बाद दोनों गुटों के बीच पर्दे के पीछे बातचीत होने की अटकलें और तेज हो गईं।

फडणवीस बोले- हमें बताए बिना नहीं हो सकता विलय
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय पर कहा कि इस संबंध में केवल शरद पवार और सुनेत्रा पवार ही स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को अभी तक इस तरह के किसी फैसले की जानकारी नहीं दी गई है।फडणवीस के मुताबिक, यदि दोनों गुट विलय का फैसला करते हैं, तो उन्हें भाजपा को इसकी जानकारी देनी होगी, क्योंकि गठबंधन में शामिल दलों को साथ लिए बिना ऐसा कदम नहीं उठाया जा सकता।वहीं, बुधवार को पुणे में जब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से दोनों गुटों के फिर से एक होने की संभावना पर सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधे तौर पर इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा, “जब समय आएगा, तो आप सभी को सब कुछ पता चल जाएगा।” उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।