मुंबई। ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों कंटेस्टेंट्स के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। हाल ही में स्काउट ओपी और यंग डीएसए के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद लव गिल के साथ हुई बातचीत से स्काउट काफी आहत नजर आए। भावनात्मक रूप से टूटने के बाद उन्होंने अपना सिर तक शेव कर लिया। स्काउट की यह हालत देखकर आम्रपाली दुबे और यंग डीएसए ने लव गिल को जिम्मेदार ठहराया।
शो के नए प्रोमो में आम्रपाली और लव के बीच तीखी बहस देखने को मिली। आम्रपाली ने लव पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी वजह से एक लड़का पागल हो गया है। वहीं, लव ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें पता है कि स्काउट का ब्रेनवॉश कौन कर रहा है।
दूसरी ओर, स्काउट और यंग डीएसए के बीच पुरानी दोस्ती फिर से देखने को मिली। विवाद के दौरान स्काउट ने यंग को धक्का दे दिया था, जिसके बाद बिग बॉस ने उन्हें सजा भी दी। लेकिन स्काउट को भावनात्मक रूप से टूटता देख यंग ने अपनी नाराजगी भुलाकर उन्हें गले लगा लिया। इस दौरान दोनों भावुक हो गए। प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी दर्शकों की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स लव गिल को इस विवाद की वजह बताते हुए उन्हें शो से बाहर करने की मांग कर रहे हैं।
