नई दिल्ली। छठ महापर्व को लेकर दिल्लीवासियों के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन राजधानी के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहेगी। चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो चुकी है। ऐसे में सरकार के इस फैसले से छठ व्रतियों और पूर्वांचल समाज के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
दिल्ली हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतों में भी छुट्टी
छठ पूजा के अवसर पर दिल्ली हाईकोर्ट ने भी 16 नवंबर को अवकाश घोषित किया है। इस दिन हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतों में नियमित सुनवाई नहीं होगी। निर्धारित मामलों की सुनवाई अब 17 नवंबर को पहले से सूचीबद्ध मामलों के साथ की जाएगी। वहीं, कार्य दिवस के नुकसान की भरपाई के लिए दिल्ली हाईकोर्ट 21 नवंबर यानी तीसरे शनिवार को खुला रहेगा।
देश का सबसे लंबा 11 किलोमीटर छठ घाट दिल्ली को समर्पित
छठ महापर्व से पहले दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल समाज को बड़ी सौगात दी है। उत्तरी दिल्ली में मुनक नहर के दोनों किनारों पर करीब 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। करीब 115.29 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से श्रद्धालुओं को पूजा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पूर्वांचल समाज की आस्था को मिला सम्मान
उद्घाटन समारोह में नितिन नबीन ने कहा कि छठ महापर्व शुद्धता, अनुशासन, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर के इस क्षेत्र को विकसित कर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। इस वर्ष दिल्ली में छठ महापर्व का आयोजन पिछले साल से भी अधिक भव्य होगा। वहीं, मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने इस घाट को अपनी तरह की विशेष परियोजना बताते हुए कहा कि दिल्ली के निर्माण में पूर्वांचली समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
दिल्ली में 996 स्थानों पर तैयार किए गए 1482 छठ घाट
छठ महापर्व को लेकर राजधानी में व्यापक तैयारियां की गई हैं। दिल्ली में 996 स्थानों पर कुल 1482 छठ घाट बनाए गए हैं। इनकी व्यवस्था और आयोजन की जिम्मेदारी 74 एजेंसियों को सौंपी गई है। सरकार की ओर से घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
