सूरजपुर। चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। एक ओर कबरा कान वाला हाथी ग्रामीणों के लिए खतरा बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जंगल में हाथी के एक शावक का शव मिलने से वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के किनारे स्थित जुड़वानिया लालमाटी जंगल के पास हाथी के बच्चे का शव मिला है। शावक की उम्र करीब 2 से 3 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर शव दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
दो विभागों के जंगल, लेकिन निगरानी व्यवस्था पर सवाल
चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। यहां गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के साथ सामान्य वन विभाग बिहारपुर का वन क्षेत्र भी आता है। ऐसे में हाथियों की निगरानी, ग्रामीणों को समय पर सूचना देने और मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन निगरानी और समय रहते अलर्ट जारी करने की व्यवस्था अपेक्षा के अनुरूप नहीं है।
सुदूर गांवों तक पहुंची कांकेर पुलिस की पहल, युवाओं को बांटे बस्तर फाइटर भर्ती के आवेदन फॉर्म
प्रभारी रेंजर की मौजूदगी को लेकर भी नाराजगी
ग्रामीणों में गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के महुली परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर की क्षेत्र में मौजूदगी और विभागीय निगरानी व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी है। उनका आरोप है कि हाथियों की लगातार आवाजाही के बावजूद सुरक्षा और बचाव के लिए पर्याप्त प्रयास दिखाई नहीं दे रहे हैं।
शावक की मौत ने खड़े किए कई सवाल
जंगल में दो से तीन दिन पुराना शव मिलने के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर शावक की मौत कैसे हुई? क्या वह झुंड से बिछड़ गया था या बीमारी अथवा चोट के कारण उसकी जान गई? यदि शव पहले से जंगल में मौजूद था, तो नियमित गश्त के दौरान इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली?
इन सभी सवालों का जवाब वन विभाग की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगा।
